एसबीआई राघवनगर के पास शाम तीन बजे हुई घटना
पूर्व में चेन स्नेचिंग की घटना में भी रही हैं शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। दवा कराने आई महिला के गले से चेन छीनकर भाग रही तीन महिलाओं को पकड़ लिया गया। पीड़ित महिला के पति ने तीनों को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। पूर्व में हुई एक चेन स्नेचिंग की घटना में भी तीनों महिलाएं शामिल रही हैं।
सदर कोतवाली के रजला गांव के भरटोली निवासी पूनम देवी पत्नी प्रशांत कुमार मंगलवार की शाम तीन बजे दवा कराने शहर आई थीं। राघवनगर स्थित एसबीआई की शाखा के पास तीन महिलाएं उनके गले से चेन छीनकर भागने लगीं। पूनम के चिल्लाने पर पति प्रशांत कुमार ने पीछा कर लोगों के सहयोग से तीनों को पकड़ लिया। छीनी गई चेन उनके पास से मिल गई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। जानकारी मिलने पर रामनाथ देवरिया मोहल्ले की सुमन तिवारी भी पहुंच गईं। एक महीने पूर्व वह रामगुलाम टोला जा रही थीं कि जब उनके गले से चेन छीनी गई थी। उन्होंने तीनों महिलाओं की पहचान कर ली। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि तीनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। तीनों खुद को एकौना के नरायनपुर की बता रही हैं, लेकिन वहां के प्रधान का नाम नहीं जान रहीं। इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है।