देवरिया। लोकायुक्त की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर कराए गए निर्माण कार्यों की जांच की। टीम ने सड़क और नाला निर्माण समेत अन्य मामलों की पड़ताल की।
शिकायतकर्ता राघव नगर निवासी विजय राव ने अनियमितता सहित कुल 11 बिंदुओं पर शिकायत की थी। जांच के दौरान नगर पालिका परिषद, राजस्व और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
लोकायुक्त की टीम ने स्लेज फार्म और भुजौली कॉलोनी सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। भुजौली कॉलोनी में हनुमान मंदिर से कनक बेकर्स तक बनी सड़क का निरीक्षण किया गया। हनुमान मंदिर से शिव मंदिर कचहरी तक बने नाले की भी जांच की गई।
टीम ने प्रेस्टीज इंटर कॉलेज के बगल से सीसी रोड को जोड़ने वाली सड़क और सोमनाथ मंदिर होते हुए कसया रोड की ओर जाने वाली सड़क का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की जांच के साथ ही कलक्ट्रेट परिसर में सड़क की स्थिति भी देखी गई।
टीम ने नगरपालिका परिषद देवरिया द्वारा वर्ष 2017-18 और 2018-19 में अलाव जलाने के नाम पर अनियमितता किए जाने का आरोप भी लगाया था।
इस मामले की भी जांच की गई। जांच के दौरान नगर पालिका परिषद देवरिया के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार शिवेंद्र, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता (एई) और अवर अभियंता (जेई) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।