रामपुर बुजुर्ग। सलेमपुर-मझौली-मैरवा मुख्य मार्ग पर बिहार प्रांत के धरनी छापर चेकपोस्ट पर बिहार पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से अंग्रेजी शराब बरामद किया।
तस्करों ने शराब को कार में विशेष रूप से बने तहखाना में छिपा रखा था। पुलिस ने चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सिकटी खुर्द गांव निवासी बबलू यादव और विपुल यादव के रूप में हुई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से शराब की खेप लेकर एक कार बिहार में प्रवेश करने वाली है। सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
जांच में कार के भीतर बने गुप्त तहखाने से 450 पीस अंग्रेजी शराब के पाउच बरामद हुए। मौके से पुलिस ने चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के रामपुर बुजुर्ग क्षेत्र से शराब लेकर छपरा जा रहे थे। पुलिस ने कार को जब्त कर दोनों आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।