मौत के खौफनाक खेल से दहशत में भटौली खुर्द के लोग
मौत बनकर मोबाइल पर टूटा व्रजपात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। परिवार की खुशियाें के लिए समुद्र की लहरों से टकराने वाले मर्चेंट नेवी का एक होनहार जवान बिजली का शिकार हो गया। युवक की अकाल मौत से परिजन ही नहीं ग्रामीण भी दहशत एवं गमजदा हैं। मृत के परिवार के साथ ही पूरे गांव में मातम पसर गया है।
धर्मेंद्र यादव ने आठ वर्ष पूर्व अपने परिवार की खुशियों के लिए मर्चेंट नेवी की नौकरी ज्वाइन की। इधर एक माह से वह छुट्टी में घर आए थे। उन्हें यह नहीं पता था कि काल उनके इंतजार में हैं। हंसी-खुशी छुट्टी बीता रहे धर्मेंद्र शनिवार को घर से चौराहे के लिए निकले तो कोई नहीं सोचा था कि दो सौ मीटर की दूरी पर ही मौत खड़़ी है। हालांकि विशेषज्ञों की माने तो ट्रांसफार्मर के बगल में मोबाइल के बगल में बात करने के कारण ही बिजली की चपेट में आए।
रामवृक्ष यादव के दो पुत्रों में बड़े धर्मेंद्र शुरू से ही होनहार रहे। बीस वर्ष की अवस्था में ही उन्होंने मर्चेंट नेवी को अपना भविष्य बनाया। जबकि दूसरे भाई का चयन पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक पद पर हुआ है, प्रशिक्षण ले रहे हैं। घटना के बाद परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। धर्मेंद्र की पत्नी रंजना को सहसा विश्वास ही नहीं हो रहा था कि कुछ देर पहले ही घर से निकले पति के मौत की खबर आएगी। पुत्री जान्हवी 6 एवं पुत्र तनिष्क 3 वर्ष मां और परिवार के सदस्यों को रोते देख यह समझ नहीं पा रहे कि क्या हो गया।
-
कार चलाते समय एफएम पर गाना और बिजली तार के पास मोबाइल पड़ सकता है महंगा
देवरिया। कार में बैठकर एफएम रेडियो पर गाना सुनने का शौक और बिजली के तार के पास मोबाइल चलाना बारिश के इस मौसम में लाेगों की जान ले सकती है। बारिश का मौसम शुरू हो गया है, ऐसे में बिजली के कड़कने और गिरने की घटनाएं बढ़ जाएंगी। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से लोगाें बिजली गिरने से बचाव को लेकर सजग किया जा रहा है। थोड़ी सी सावधानी बरत कर लोग जिंदगी को खतरे से बचा सकते हैं।
-
ये बरतें सावधानी
- मौसम खराब होने पर बिजली चमकने की दशा में कार का रेडियो बंद कर दें।
- घर में रखे टीवी, रेडियो, कंप्यूटर सभी को बंद कर दें। माडम और बिजली का प्लग निकाल दें।
- इस दौरान मोबाइल का प्रयोग करने से बचें, नंगे पांव फर्श पर खड़े न रहें।
- बिजली चमकने पर घर के भीतर रहें।
- पेड़ के नीचे या खुले मैदान में जाने से बचें।
- बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के पास मोबाइल का प्रयोग कदापि न करें।
-
इस मौसम में बिजली गिरने की आशंका अधिक रहती है, इसके लिए लोगाें को जागरूक किया जा रहा है। कार चलाते समय रेडियो बंद कर दें। मोबाइल पर बात करना खतरनाक हो सकता है। सुरक्षा के उपाय अपनाकर जान बचाई जा सकती है।
अजीत तिवारी, आपदा विशेषज्ञ