देवरिया। बिजली कटौती ने शहरियों का जीना मुहाल कर दिया है। अघोषित कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अलग-अलग समय में सात से आठ घंटे की कटौती जारी रही। भटवलिया सब स्टेशन से जुड़े लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिम्मेदार खामिया दूर करने के बजाए कंट्रोल की कटौती का हवाला दे रहे हैं। उपभोक्ताओं ने महकमे के खिलाफ गुस्सा जताया है। लोगों की माने तो बिजली की कटौती कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती है। नवरात्र का त्योहार चल रहा है। अधिकांश जगहों पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित हो गई है। बिजली कटौती व्रतधारियों के समक्ष मुश्किलें खड़ी कर दी है।
सुबह हो या दिन का कोई समय बिजली की कटौती से हर वक्त लोग जूझ रहे हैं। शाम के समय की हालत और बदतर है। सुबह उठने के समय बिजली गुल रह रही है। सोमवार को सुबह पांच बजे शहर के रामलीला मैदान स्थित भुजौली फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। पूजा-पाठ के लिए किसी तरह तैयारी पूरी की। सूरज के साथ बढ़ती धूप गर्मी का अहसास कराती रही।
इसके बाद दिन में 10 बजे रामलीला मैदान, नाथ नगर, भटवलिया, पुरवा सब स्टेशन के शहरीय इलाकों की बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो गए। दोपहर 12 बजे बिजली गुल हो गई। कुछ देर बाद इन्वर्टर भी जवाब दे दिए। कंट्रोल के निर्देश पर शाम 4.25 बजे बिजली बाधित हो गई। कुछ देर के बाद बिजली आ तो गई लेकिन कुछ देर बाद भटवलिया बस स्टेशन के आउटगोइंग फीडर में खराबी आ गई। इसके चलते बिजली बाधित हो गई। रात आठ बजे दोबारा फाल्ट गया।