देवरिया। बिहार बाॅर्डर से सटे इलाकों में नकली दवाओं का धंधा मजबूत होता जा रहा है। दिल्ली पुलिस की टीम ने गोरखपुर के भालोटिया मार्केट से मिले इनपुट के आधार पर पिछले दिनों भिंगारी बाजार स्थित प्रजापति मेडिकल हॉल पर छापा मारा था। अब इस दुकान का लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा अकटही बाजार के जेके मेडिकल स्टोर का लाइसेंस भी गड़बड़ी के कारण एक सप्ताह के लिए निलंबित किया गया है। जल्द कुछ और दुकानों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
गोरखपुर के भालोटिया मार्केट से बड़ी मात्रा में कफ सिरप और ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं बिहार भेजी जा रही हैं। दवाओं की यह सप्लाई बाॅर्डर इलाके में खुली दवा की दुकानों के जरिए ही हो रही है।
बीते अगस्त में नशीली और नकली दवाओं की तलाश में दिल्ली पुलिस की एक टीम गोरखपुर के भालोटिया मार्केट आई थी। टीम को वहां से दवाओं की खेप देवरिया जिले की कुछ दुकानों को भेजने की जानकारी मिली थी। इस आधार पर टीम खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार पहुंची थी।
इसके बाद 29 अगस्त को ड्रग इंस्पेक्टर देवरिया आशुतोष कुमार शुक्ल ने प्रजापति मेडिकल स्टोर और प्रजापति मेडिकल हॉल को सील कर दिया था। बाद में प्रजापति मेडिकल स्टोर को खोलने की अनुमति दे दी गई थी लेकिन प्रजापति मेडिकल हॉल में मिली गड़बड़ी के आधार पर अब उसका लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है।
उधर, अकटही बाजार स्थित जेके मेडिकल स्टोर की जांच में भी कमियां पाई गईं, जिसके बाद उसका लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। ड्रग विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि सुधार नहीं हुआ तो स्थायी कार्रवाई की जाएगी।