कई मांगों को लेकर 23 अगस्त से लेखपालों ने कार्यों का बहिष्कार कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। लेखपालों के हड़ताल पर जाने के कारण आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र जारी नहीं हो रहा है। इसके अलावा राजस्व से संबंधित अन्य काम भी प्रभावित है। इससे छात्रवृत्ति, नामांकन फॉर्म भरने वालों की परेशानियां बढ़ गई है। लेखपालों का रिपोर्ट नहीं लगने के कारण तहसील में करीब आठ हजार आवेदकों का प्रमाण पत्र अधर में लटका हुआ है।
वेतन विसंगति दूर करने, पदनाम बदलने समेत कई मांगों को लेकर 23 अगस्त से लेखपालों ने कार्यों का बहिष्कार कर दिया। इसकी वजह से तहसील का राजस्व से संबंधित अधिकांश कार्य प्रभावित हो गया है। वहीं हाईस्कूल और इंटर के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने का तय समय 31 अगस्त तक है। लेकिन लेखपालों के हड़ताल पर जाने के कारण एक भी प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है।
इससे परेशान लोग लोकवाणी और सहज जनसेवा केन्द्रों का चक्कर काट रहे है। पिवकोल की लक्ष्मी यादव, चांदपार के मनोज, मझौलीराज की चंपा देवी, पुतरी के सोनू आदि ने बताया कि अगर समय रहते तहसील प्रशासन कोई व्यवस्था नहीं किया तो छात्रवृत्ति फॉर्म भरने का तय समय समाप्त हो जाएगा। इससे हजारों छात्र वंचित रह जाएंगे।
तहसील प्रशासन के अनुसार अभी तक रिपोर्ट नहीं लगने के कारण अभाव में करीब 8 हजार आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र पेंडिग में पड़ा हुआ है। इस बाबत एसडीएम राजेश प्रसाद तिवारी ने बताया कि लेखपालों के रिपोर्ट के अभाव में प्रमाण पत्रों का जारी नहीं होने का मामला पूरे जिले में है।