बरियारपुर थाने में शिकायतें सुनते अधिकारी। संवाद
तरकुलवा। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 28 शिकायतें आईं, जिसमें आठ मामले का मौके से निस्तारण कर दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद थाना परिसर में सुबह से ही फरियादियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। जिले से कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। समाधान दिवस में नरायनपुर, कंचनपुर, तरकुलवा, मैनपुर, कनकपुरा, कैथवलिया, हरैया, कौलचक, बरईपट्टी, बेलही आदि गांव के लोग मारपीट, आपसी विवाद और भूमि से जुड़े विवाद से संबंधित 28 शिकायतें दर्ज कराईं।
इसमें सर्वाधिक 20 मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे, जिनके समाधान के लिए हल्का लेखपाल और कानूनगो को निर्देशित किया गया। अन्य आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस बीच कनकपुरा के ग्रामीणों ने लेखपाल के उपस्थित नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान हल्का कानूनगो और 18 लेखपाल मौजूद रहे। बरियारपुर संवाद के अनुसार स्थानीय थाने पर एसओ त्रिवेंद्र मौर्य के नेतृत्व में समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को किया गया। कुल छह जमीन विवाद के मामले आए, जिसमें मात्र एक मामले का निस्तारण किया गया, जबकि पांच मामलों के लिए राजस्व टीम गठित कर निस्तारण के लिए भेजा गया।
11 मामलों में एक का भी नहीं हुआ निस्तारण : खुखुंदू। शनिवार को समाधान दिवस पर 11 मामले आए। इसमें पुलिस से संबंधित एक और अन्य राजस्व से संबंधित रहे। मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो पाया। प्रभारी थानेदार ने बताया कि दो मामलों के निस्तारण के लिए मौके पर राजस्व टीम भेजी गई है।