संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर युवती के साथ अवैध संबंध बनाने और गर्भपात के लिए दबाव बनाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की चेतावनी दी तो वह निकाह को तैयार हुआ।
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि एक गांव का निवासी युवक शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाया। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। गर्भवती होने की जानकारी घरवालों को लगी।
घरवालों ने शादी के लिए कहा तो आरोपी इंकार कर दिया। आरोपी युवती पर गर्भपात के लिए दबाव बनाने लगा।लेकिन युवती शादी करने पर अड़ी रही। जब बात नहीं बनी तो पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद हरकत में आई पुलिस रविवार को आरोपी को पकड़ थाने ले आई। दोनों पक्षों में बातचीत शुरू हुई। काफी समय के बाद आरोपी के परिजन युवती से शादी को राजी हुए। सोमवार शाम को आरोपी से युवती का निकाह होगा।
युवक और उसके परिजनों ने इसका एक लिखित रजामंदी पत्र भी युवती के परिजनों और पुलिस को सौंपा है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि दोनों पक्षों में बातचीत के उपरांत निकाह की रजामंदी हुई है। साथ ही आरोपी युवक को शांति भंग की धारा में चालान किया गया है।