बघौचघाट। पथरदेवा इलाके के चार गांव की बिजली एक सप्ताह से बाधित होने से नाराज लोगों ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही की अगुवाई में पकहा-कंचनपुर मार्ग जाम कर धरना दिया। जिला प्रशासन और सपा जिलाध्यक्ष का पुतला जलाया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर के आश्वासन पर लोग मान गए। इसके बाद आवागमन सुचारु होने में घंटों समय लग गया।
सिधावे, पथरदेवा, भेलीपट्टी और धर्मागतपट्टी गांव में जाने वाले 11 हजार वोल्ट के तार को एक कद्दावर के नेता इशारे पर जिला प्रशासन और बिजली विभाग के जिम्मेदारों ने एक सप्ताह पूर्व रात में काट दिया था। बताया जाता है कि सपा के एक जिला पदाधिकारी ने यहां जमीन खरीदा है। तार उसी के ऊपर से जा रहा था। दो दिन पूर्व इन गांवों के लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन किए थे। तरकुलवा इंस्पेक्टर और बिजली विभाग के एसडीओ के आश्वासन पर लोग मान गए थे, लेकिन चेतावनी दी थी कि यदि 48 घंटे में बिजली का तार नहीं जोड़ा जाएगा तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
विभागीय जिम्मेदारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया था। इसी बीच बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र के जेई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी। नाराज लोग रविवार को भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही की अगुवाई में पथरदेवा में एकत्र हुए। सुबह 11 बजे से सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने जिला प्रशासन, बिजली विभाग और सपा नेता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना को संबोधित करते हुए सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि सपा सरकार में गरीब लोगों के जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।
विवादित जमीनों को सपा नेता औने-पौने दामों में खरीद कर ऊंचे मूल्य में बेंच रहे हैं। जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस सहयोग में लगी रह रही है। सपा का यह नारा हो गया है कि जो जमीन विवादित है, वो जमीन हमारी है। उन्होंने जनता की आवाज लाठी और डंडों से नहीं दबाई जा सकती है। यदि बिजली विभाग तार को नहीं जोड़ता है तो उसका ईंट से ईंट बजा दिया जाएगा।
भाजपा नेता संजय सिंह, नथुनी सिंह, कुशवाहा, जयप्रकाश शर्मा, रवींद्र कुशवाहा, राणा प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, अविनाश सिंह, अंगद आदि ने संबोधित किया। जाम की सूचना पर तरकुलवा, बघौचघाट और रामपुर कारखाना की पुलिस मयफोर्स मौके पर मौजूद रहीं। एसडीएम सदर सचिन कुमार सिंह शाम चार बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने तार जोड़वाने और जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बताया कि जमीन की पैमाइश के लिए डीएम की ओर से टीम गठित की गई है।
पट्टे की जमीन पर कब्जा होगा तो उसे हटवाया जाएगा। बिजली का तार पुराने रास्ते से ही जाएगा। इसके बाद धरना-प्रदर्शन कर रहे लोग माने। धरना में मुख्य रूप से राजाराम यादव, ब्रह्मा यादव, अशोक यादव, चोकट यादव, शारदा गुप्ता, जलालुद्दीन खां, ध्रुवनाथ पांडेय, रवींद्र मद्धेशिया, सावित्री सिंह, भगवान सिंह आदि मौजूद रहे।