वादी और अधिवक्ता के बीच मारपीट के बाद दीवानी न्यायालय परिसर में लगी भीड घटना की जानकारी लेते एएसप
- फोटो : DEORIA
कलेक्ट्रेट में भिड़े वकील और मुवक्किल
कोर्ट मैरिज कराने आए युवक-युवती और वकील हुए घायल
युवक-युवती की पिटाई करते दीवानी कचहरी तक ले गए वकील
सूचना पर एएसपी, सीओ और सदर कोतवाल ने पहुंचकर मामला शांत कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रुपये को लेकर बुधवार की दोपहर एडीएम कोर्ट के बाहर वकील और मुवक्किल भीड़ गए। मारपीट के दौरान वकील को चोट आ गई। इससे गुस्साए वकीलों ने मुवक्किलों की जमकर पिटाई की। दोनों को घसीटते हुए दीवानी कचहरी तक ले गए। सूचना मिलने पर एएसपी, सीओ और सदर कोतवाल दल बल के साथ पहुंचे। किसी तरह वकीलों को शांत कराकर मुवक्किलों को अपने साथ कोतवाली ले गए। वकीलों ने घायल साथी का उपचार कराया।
बघौचघाट थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक और कुशीनगर के पटहेरवा इलाके की रहने वाली युवती परिवारवालों की मर्जी से कोर्ट मैरिज कर रहे थे। एक सप्ताह पूर्व किसी के माध्यम से वकील से बात हुई। उन्होंने पांच हजार रुपये में सारा काम कराने की बात कही थी। बुधवार को दोनों एडीएम कोर्ट पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोपहर में प्रक्रिया पूरी होने के बाद वकील ने कुछ और रुपये की मांग की। बताया कि मिठाई खिलाना है, इस पर मैरिज करने आए महिला और पुरुष मुवक्किल से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस होता देख दूसरे वकीलों ने मुवक्किल को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद मुवक्किल ने भी अपने वकील को पीट दिया। नाक में चोट लगने से खून बहने लगा। यह देख वकील उग्र हो गए और दोनों मुवक्किलों की जमकर पिटाई कर दी। दोनों को घसीटते हुए दीवानी कचहरी तक ले गए। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस वालों ने पहुंचने में देर हुई। घायल वकील को लेकर साथी जिला अस्पताल पहुंच गए। इस बीच एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र को घटना की सूचना मिली। उन्होंने एएसपी शिष्यपाल, सीओ सलेमपुर/सिटी वरुण मिश्र, सदर कोतवाल टीजे सिंह और पीएसी बल को मौके पर भेजा। एएसपी शिष्यपाल ने वकीलों को समझाया और दोनों को किसी तरह वहां से निकाल कर सदर कोतवाली पहुंचे। एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ है। घायल वकील और मुवक्किलों का उपचार कराया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।