देसही देवरिया। हेतिमपुर नगर पंचायत के लोगों को जल्द ही लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को प्रस्तावित पांच एमवीए के बिजली उपकेंद्र की भूमि का सीमांकन किया गया। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नगर पंचायत बनने के करीब तीन साल बाद भी लोगों को नगरीय मानक के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। समस्या के समाधान के लिए शासन ने अलग उपकेंद्र की स्वीकृति दी है। इसके लिए धनराशि भी मिल चुकी है। टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं लगभग पूरी हैं। इससे लो-वोल्टेज से उपभोक्ताओं को निजात मिलेगी। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव, अवर अभियंता इरफानुल्लाह अंसारी, उपखंड अधिकारी राजीव कुमार, सिविल विभाग के अवर अभियंता और राजस्वकर्मियों की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश की गई। उपकेंद्र बनने के बाद नगर की बिजली आपूर्ति इमिलिया के बजाय यहीं से की जाएगी। इससे आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।