बरहज। नगर के तिवारीपुर वार्ड निवासी और पेट्रोल पंप मालिक और दवा व्यवसायी उमाशंकर मद्धेशिया के घर से शनिवार रात नगदी सहित करीब 55 लाख के जेवरात व अन्य सामान चोरी हो गए। घर के लोग भतीजी की शादी में देवरिया गए थे।
रविवार को जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एएसपी दक्षिणी और सीओ ने भी व्यवसायी के घर जाकर घटना की जानकारी ली। तिवारीपुर वार्ड निवासी उमाशंकर मद्धेशिया के भाई ओमप्रकाश के पुत्री की शादी शनिवार की रात देवरिया में थी। परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर में ताला बंदकर देवरिया गए थे। उमाशंकर का कहना है कि आशंका है कि रात में गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने आलमारी से करीब 47 लाख नगद, 400 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी के आभूषण चुरा ले गए।
एडिशनल एसपी, सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी ने घटनास्थल का जायजा लिया। चोरी के खुलासे के लिए एसओजी को लगाया जाना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लिया है। सीओ राजेश चतुर्वेदी का मोबाइल बंद था। एसओ दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस गई थी। जांच कराया जा रहा है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।