निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में मजदूर गिरा
जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय का भवन निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार की सुबह काम करते समय एक मजदूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
पश्चिम बंगाल के रुतबा थाना क्षेत्र के मालदा निवासी रौनी (21) निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज देवरिया में मजदूरी का कार्य करता है। सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिला भवन पर कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और नीचे गिर गया। इससे उसका दोनों पैर फ्रैक्चर हो गया। हाथ और गले में भी चोटें आई हैं। मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण में सुरक्षा के मानकों की अनदेखी हो रही है। भवन निर्माण के वक्त जाल, मजदूरों को हेलमेट और बेल्ट उपलब्ध कराई जाती है। अगर जाल लगाया गया होता मजदूर रौनी नीचे गिरकर घायल नहीं होता। इस संबंध में सतीश श्रीवास्तव, सहायक अभियंता, राजकीय निर्माण निगम ने कहा कि सुरक्षा के मानकों का ध्यान दिया जा रहा है। निर्माणाधीन भवन के पास जाल लगे हैं। संयोग था कि जिस जगह मजदूर कार्य कर रहा था, वहां जाल नहीं था।
इससे पहले एक मजदूर की हो चुकी है मौत
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। इससे पहले कार्य करते समय चोट लगने से एक मजदूर की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी ठेकेदार तथा जिम्मेदारों ने नहीं चेता और मजदूरों के सुरक्षा को लेकर अनदेखी की जा रही है।