ग्रामीणों का आरोप गल्ला चोरी से बेचा गया है
संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। कोटेदार के घर से बेचे गए सरकारी चावल के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यही नहीं दुकान भी सस्पेंड कर दी गई है। महिला कोटेदार, उसके पति और व्यापारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ है। पूर्ति निरीक्षक राघवेंद्र कुमार की तहरीर पर कार्रवाई हुई है।
रविवार की सुबह कोटेदार के घर से मलावाबर के व्यवसायी गोविन्द गुप्ता सरकारी चावल खरीद कर ले जा रहा था। ग्रामीणों ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से नौ बोरी चावल पकड़ लिया। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक ने जांच कराई तो पता चला कि अहिरौली बघौचघाट की कोटेदार सीता देवी 43.82 क्विंटल गेहूं, 63.98 क्विंटल चावल और 0.09 क्विंटल चीनी की चोरी की है। इस कालाबजारी में सीता के पति राजेश कुमार ने पूरा साथ दिया है। चोरी का सरकारी गल्ला गोविंद गुप्ता निवासी मलावाबार खरीदता था। पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक राघवेंद्र कुमार की तहरीर पर तीनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया की रविवार को सरकारी गल्ला चावल चोरी की शिकायत ग्रामीणों ने की थी। इसमें जांच करने पर मामला सही पाया गया। तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। कोटा भी सस्पेंड कर दिया गया है। संवाद