- परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
- पुलिस की जांच पड़ताल में लोकेशन बनारस में मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी कक्षा छह के दो छात्र मंगलवार को गायब हो गए। देर शाम न आने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। इस पर बुधवार को अनहोनी की आशंका जताते हुए अपहरण का मामला दर्ज कराया है, जबकि दूसरी तरफ पुलिस की जांच पड़ताल में दोनों का लोकेशन बनारस में बताया जा रहा है।
मिर्जापुर गांव निवासी रामबोध शर्मा पुत्र रामनरेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनका पौत्र शिवा उर्फ सिद्धार्थ शर्मा (12) पुत्र बलवंत शर्मा और उसका साथी सचिन कुमार (12) पुत्र छोटेलाल दोनों गांव से अचानक गायब हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चल पा रहा है। कुछ लोग दोनों किशोरों को एक साथ बड़का गांव चौराहे पर देखे जाने की बात कह रहे हैं। शिवा देवरिया स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह और सचिन गांव के ही एक स्कूल में 6वीं की पढ़ाई कर रहा है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बुधवार की शाम अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।