एयरपोर्ट से लौटे युवकों ने पुलिस से की शिकायत
- शहर के देवरिया खास स्थित ट्रेनिंग एंड टेस्ट सेंटर पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप
- मंगलवार की सुबह अलग-अलग देशों के लिए युवकों की दिल्ली से थी फ्लाइट
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के देवरिया खास स्थित ट्रेनिंग एंड टेस्ट सेंटर संचालक ने करीब डेढ़ सौ युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर करीब 30 लाख रुपये का चूना लगाया है। विभिन्न जिलों से फ्लाइट के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे युवा टूरिस्ट वीजा देखकर भड़क गए। माहौल बिगड़ता देख एजेंट वहां से भाग निकला। जिसके बाद सारे युवक ट्रेनिंग सेंटर के देवरिया कार्यालय चल दिए। बुधवार दोपहर कार्यालय पर हंगामा करना शुरू कर दिया और रुपये मांगने लगे।
आरोप है कि एजेंट ने कुछ युवकों की मदद से उन्हें खदेड़ दिया। जिसके बाद सभी बेरोजगारों सदर कोतवाली पहुंचकर अपने साथ हुए धोखाधड़ी की शिकायत की। इनमें बलिया, कुशीनगर, देवरिया के अलावा बिहार के गोपालगंज, सिवान, छपरा, मोतीहारी के युवक शामिल थे। अनिल कुमार यादव, धर्मेंद्र यादव, नूर आलम, राजेश यादव, अनिश अंसारी, जयचंद, आबिद हुसैन आदि ने बताया कि अलग-अलग काम के हिसाब से एजेंट ने 75 हजार से लेकर एक लाख दस हजार रुपये तक प्रत्येक लोगों से लिया है। मंगलवार की सुबह छह बजे हम सभी को दिल्ली एयरपोर्ट पर तुर्की व साउथ अफ्रीका की फ्लाइट के लिए बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद पता चला कि सभी को टूरिस्ट वीजा पर भेजा जा रहा है।
ब्याज पर लेकर दिए थे 75 हजार रुपये
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि एजेंट ने मुझे साउथ अफ्रीका के यूगांडा में मेकैनिकल फोरमैन की नौकरी दिलाने के नाम पर 75 हजार रुपये लिया है। कहा था कि वहां 90 हजार रुपये महीना वेतन मिलेगा। दो साल तक नौकरी पक्की है। यह रकम मैनें ब्याज पर गांव के कुछ लोगों से लेकर दिया है। इसके अलावा 15 हजार रुपये मेडिकल कराने व भागदौड़ में खर्च हो गए हैं। हम किस मुंह से घर वापस लौटें।
वर्जन
तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
राहुल सिंह, सदर कोतवाल।