आईपीएल आक्शन में चयन नमन तिवारी की खेलते हुए फोटो, स्रोत सोशल मीडिया
खुखुंदू। भारतीय क्रिकेट जगत में क्षेत्र के दुलहूं ग्राम पंचायत के गुलाली परसिया के रहने वाले सूर्यनाथ तिवारी के इकलौते बेटे नमन तिवारी का चयन आईपीएल 2026 के लिए हुआ है। इससे गांव में खुशी का माहौल है।
तेज गेंदबाज नमन को लखनऊ सुपर जाएंटस ने एक करोड़ में खरीदा है। अब नमन देश सहित पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाते हुए गांव और जिले का नाम रोशन करेंगे।
मूल रूप से देवरिया विकास खंड के दुलहूं ग्रामपंचायत के गुलाली परसिया निवासी सूर्यनाथ तिवारी एलआईसी एजेंट हैं। इसके अलावा रेलवे में ठेकेदारी करते हैं। सूर्यनाथ तिवारी की तीन बेटियों के बाद इकलौते पुत्र नमन तिवारी हैं। नमन का जन्म भी लखनऊ में हुआ है और उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी लखनऊ में हुई। जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई प्राइवेट सेक्टर से महुआडीह देवरिया में हुई है।
पिता सूर्यनाथ तिवारी का कहना है कि लखनऊ में रहने के दौरान नमन की रुचि क्रिकेट में रहती थी। शुरू से ही उसे क्रिकेट खेलना बहुत ही पसंद था। 2023 में हुए आईपीएल आक्शन में नमन ने हिस्सा लिया था, जिसमें तेज गेंदबाज के रूप में नमन का नाम उछलने लगा था।
बताया जा रहा था कि उसी समय नमन तिवारी पर कई टीमें नजर गड़ाए हुई थीं। अंततः लखनऊ सुपर जाएंटस ने नमन तिवारी पर भरोसा करते हुए उनका चयन अपने टीम में कर लिया। बेटे की उपलब्धि पर पिता सूर्यनाथ तिवारी, माता सरोज तिवारी ने गर्व महसूस किया।