केंद्रीय विद्यालय के लिए पूर्व मंत्री कलराज मिश्र ने किया भूमि पूजन।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। अमेठी गांव में जमीन स्वीकृत होने के नौ साल बाद रविवार को केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कलराज मिश्र ने किया। इसके पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया।
सांसद कलराज ने कहा कि जमीन स्वीकृत होने के बावजूद भवन का निर्माण नहीं होना पिछली सरकारों की अनदेखी है। 15 साल से केंद्रीय विद्यालय आईटीआई के भवन में संचालित हो रहा है। जमीन पर कब्जा होने के कारण बजट होने के बावजूद निर्माण कार्य रुका हुआ था। उन्होंने कार्यदायी संस्था सीपीडब्लूडी के अभियंता को निर्देश देते हुए कहा कि दो साल के अंदर हर हाल में भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए। धन की कमी इसमें आड़े नहीं आएगी। कुछ ऐसी इसमें बाधाएं थीं जो काफी प्रयास के बाद दूर हुई हैं। उन्होंने कहा कि किसी ने निर्माण कार्य में बाधा डालने या जमीन पर कब्जे की कोशिश की तो प्रशासन उसके साथ सख्ती से निपटेगा।
आने वाले दिनों में विद्यालय को इंटरमीडिएट तक की मान्यता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय संगठन वाराणसी संभाग के उपायुक्त डीटीएस राव ने केंद्रीय विद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला। सांसद को पर्यावरण पर आधारित प्रेरक पेंटिंग भेंट की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक जन्मेजय सिंह ने की। विधायक सुरेश तिवारी, कमलेश शुक्ला, शशि प्रकाश मिश्र एमएलसी देवेंद्र सिंह, डीएम सुजीत कुमार, सीडीओ राजेश त्यागी, अमित मिश्र, प्रिंसिपल रविशंकर राव, गिरजेश मिश्रा, विजय कुमार दुबे, संध्या श्रीवास्तव, भूपेंद्र सिंह, अजय शाही, अंकुर राय, अंबिकेश पांडेय, अमित मिश्रा, एके सिंह, आरके मल्ल, अखिलेश त्रिपाठी, मारकंडेय शाही आदि मौजूद रहे।