अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव अशोक दूबे ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण
दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोक कुमार दूबे ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाकशाला, बैरकों तथा चिकित्सालय की साफ-सफाई रखने व निरुद्ध बंदियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। न्यायाधीश ने महिला बंदी सुभावती देवी, पुष्पा देवी, राधा गुप्ता प्रियंका, गमलावती, तथा संध्या देवी की समस्याओं को सुना। उन्होंने बंदियों को निशुल्क अधिवक्ता, नियमित रूप से बीमार महिला बंदियों के लिए दवा और मानक के अनुसार भोजन देने के निर्देश दिए।
बैरक का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कहा कि जिन बंदियों को विधिक सहायता की जरूरत है, उनसे प्रार्थना पत्र लेकर अविलंब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जेल अधीक्षक राजकुमार, डिप्टी जेलर वंदना त्रिपाठी व वंदना, उप कारापाल मोतीलाल वर्मा, चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद मणि त्रिपाठी, डॉ. विकास व दीपक कुमार त्रिपाठी मौजूद थे।