युवा पेज के लिए प्रस्तावित
डीएम ने बैठक कर शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा कराने की तैयारियों पर की चर्चा
19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा दो सचल दल किए गए हैं तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। 15 जून को होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2023 को सुचारु, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने की तैयारी जनपद स्तर पर तेज कर दी गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी, पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ जिलाधिकारी ने बैठक कर इसकी तैयारियों पर चर्चा की।
डीएम अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि 15 जून को दो पालियों में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं अपराह्न दो से शाम पांच बजे परीक्षा संपन्न होगी। जनपद के 19 केंद्रों पर यह परीक्षा होगी। जिसके लिए 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा दो सचल दल की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक दो केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। प्रश्नपत्रों व ओएमआर को पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा केंद्र तक ले जाने एवं परीक्षा समाप्ति के बाद इसे पुन: कोषागार में जमा किया जाएगा। समस्त केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, महिला एवं पुरुष शौचालय, रैंप, बिजली, पंखा आदि मूलभूत आवश्यक सुविधायें सुचारू रूप क्रियाशील अवश्य होने चाहिए। आगे कहा कि परीक्षा संचालन के समय वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में गठित सचल दल औचक निरीक्षण करेगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 200 गज की परिधि में धारा-144 सीआरपीसी के अंतर्गत आवश्यक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षार्थियों को गुमराह करने वाले तत्वों/संस्थानों पर कड़ी निगाह रखी जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों की सघन जांच कराई जाए। आवश्कतानुसार ऐसे समस्त तत्वों के विरुद्ध सुसंगत प्राविधानों के अंतर्गत निरोधक विधिक कार्यवाही की जाएगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किए जाने वाले व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय फोटो मिलान, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, हैंडपंप, विद्युत, प्रश्न पत्रों के खोले जाने सहित नकल करते हुए परीक्षार्थी को पकड़े जाने पर कार्रवाई के बारे में बताया। 500 मीटर की परिधि में फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। गलत उत्तर लिखने पर अंक माइनस किया जाएगा। एएसपी राजेश सोनकर ने परीक्षा के दौरान पर्याप्त फोर्स की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। डीआईओएस डॉ. विनोद कुमार राय ने कहा कि निर्धारित 19 केंद्रों में कुल 7581 परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे।
-
ये बने हैं बीएड प्रवेश परीक्षा के केंद्र
बीआरडी पीजी कॉलेज देवरिया ब्लॉक ए, इसी केंद्र पर ब्लॉक बी, बाहर श्रीनेत इंटर कालेज इंदूपुर गौरीबाजार, बीआरडी इंटर कॉलेज देवरिया, संत विनोबा पीजी कॉलेज, दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गंगा प्रसाद इंटर कॉलेज मझगावां, राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया, कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज, एसएसबीएल इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज व अशोक इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना, जनता इंटर कॉलेज सोनूघाट, जनता इंटर कॉलेज परसिया बरडीहा, लाला करमचंद थापर इंटर कॉलेज बैतालपुर, चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज गौरीबाजार, राजकीय महाविद्यालय इंदूपुर, गौरीबाजार।