बरहज। भलुअनी थाना क्षेत्र के बरौली चौराहा स्थित ज्वेलरी और बर्तन की दुकान में शुक्रवार की रात चोरों ने सेंध काटकर आभूषण सहित अन्य सामान उठा ले गए। शनिवार की सुबह जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया। बरहज के गौरा निवासी ज्ञान चंद वर्मा पुत्र स्व. रामचंद्र वर्मा करीब 20 वर्ष से बरौली चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। उसमें बर्तन की भी दुकान है। पुलिस को दी तहरीर में ज्ञान चंद ने कहा है कि रात में चोर दुकान के पीछे की दीवार में नकब काटकर तिजाेरी से जेवर चुरा ले गए हैं। चोरी की घटना की जानकारी होने पर दुकान पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर भलुअनी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।