रानी पोखरा के सुंदरीकरण के लिए किया जल सत्याग्रह
भाटपाररानी। विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर की ऐतिहासिक धरोहर रानी का पोखरा के सुंदरीकरण तथा पेड़-पौधे लगाने व गंदे जल को रोकने आदि के लिए जल सत्याग्रह शुरू हुआ। सोहनपार वार्ड निवासी पूर्व पुजारी हरिओम शंकर दूबे ने शनिवार की सुबह पोखरे में जलसत्याग्रह आरंभ कर दिया। घंटे भर जल में रहने के बाद नगर के लोगों के मान मनव्वल के बाद वे बाहर निकले।
जल सत्याग्रह के दौरान वे रुद्राक्ष की माला लेकर महामृत्युंजय का जाप करते रहे। मौके पर नगर प्रशासन का न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही कोई कर्मचारी। इससे नगर वासियों में आक्रोश है। सोहनपार वार्ड निवासी हरिओम शंकर दूबे नगर के दुर्गा मंदिर के पूर्व पुजारी हैं। जल सत्याग्रह से बाहर निकलने पर उन्होंने बताया कि उनकी मांग है कि रानी के पोखरे का सुंदरीकरण कराया जाए। नगर के गंदे पानी को इसमें आने से तत्काल रोका जाए। पोखरे में स्वच्छ जल की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। इसके चारों तरफ पेड़ पौधे लगाकर हरा भरा किया जाए। रानी पोखरा पर स्थित छठ माता के स्थान, कृष्ण व वासुदेव मंदिर व दुर्गा जी के मंदिर पर प्रतिदिन भोग लगाया जाए व घड़ी घंट की व्यवस्था किया जाए। इस दौरान नगर के दर्जनों लोग मौजूद रहे और उनके इस कार्य की प्रशंसा की।