कथित अपहरण मामले का पुलिस ने किया पटाक्षेप
अपहरण नहीं, प्रेमिका से मिलने गया और पकड़ लिया गया था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीबाजार। स्थानीय थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक के कथित अपहरण के मामले का पुलिस ने बृहस्पतिवार को पटाक्षेप कर दिया। युवक का अपहरण नहीं हुआ था। प्रेमिका से मिलने उसके ननिहाल गए युवक ने पकड़े जाने पर यह नाटक किया था। युवक समेत उसके परिवार के सदस्यों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।
एक गांव निवासी एक युवक का संबंध गांव की ही एक युवती से है। कुछ दिन पहले युवती अपने ननिहाल मऊ जिले के मधुबन इलाके में चली गई। युवक बिजली मिस्त्री का काम करता है। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती रहती थी। मंगलवार को बिजली ठीक करने देवरिया गया और वहां से लापता हो गया। बताया जा रहा है कि युवती ने फोन कर युवक को मधुबन बुला लिया। वहां युवती के ननिहाल के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और पिटाई की। युवक ने फोन कर अपने बड़े भाई को बुला लिया। युवती के ननिहालवालों ने उसकी भी पिटाई की। दोनों ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए अपहरण की सूचना दे दी। गौरीबाजार थाने में पहुंचे युवकों के पिता ने अपहरण की आशंका जताई। सक्रिय हुई गौरीबाजार, सदर कोतवाली और एसओजी टीम मऊ जिले के मधुबन पहुंच गई। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गौरीबाजार थाने लाया गया। पूरी रात पूछताछ के बाद स्पष्ट हो गया कि मामला अपहरण का नहीं, प्रेम प्रसंग का है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को युवक के गांव तथा मधुबन इलाके के रहने वाले 12 से अधिक लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह गौर ने बताया कि जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा मिला। सभी का शांतिभंग में चालान किया गया है।