देवरिया। इस्राइल में श्रमिकों की कमी है। इसके लिए वहां की सरकार ने भारत सरकार से निर्माण श्रमिकों की मांग की है। जिले से भी श्रमिक इजराइल भेजे जाएंगे। इसके लिए श्रमिकों से आवेदन पत्र मांगे जा रहे हैं।
ऐसे निर्माण श्रमिक जो सिरेमिक टाइल्स, प्लास्टरिंग, राजमिस्री, बिल्डिंग फ्रेम वर्क, शटरिंग कार्पेंटर, आयरन बेंडिग का कार्य जानते हैं उन्हें इस्राइल जाने का मौका मिलेगा। इसके लिए दो से तीन साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है। आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्हें बेसिक अंग्रेजी की जानकारी, बोलना, समझना, निर्माण की ड्राइंग पढ़ने की जानकारी होनी चाहिए। इस्राइल में उन्हें करीब 1,37,260 रुपये प्रतिमाह की सैलरी दी जाएगी।
श्रमिकों को इस्रराइल में रहने, रोजगार देने का कार्य कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार के अधीन कार्यरत एजेंसी एनएसडीसी इंटरनेशनल (नेशनल स्किल डेवेलपमेंट कार्पोरेशन इंटरनेशनल) तथा इजराइल सरकार के अधीन कार्य करने वाली एजेंसी पीआईबीए (पापूलेशन, इमिग्रेशन एंड बोर्डर अथारिटी) की ओर से किया जाएगा। आवेदन के लिए जानकारी एनएसडीसी के जरिए पीआईबीए को उपलब्ध कराई जाएगी, जो अभ्यर्थी का अभिलेख, नाम, पता, उम्र एवं संबंधित दस्तावेज व पासपोर्ट आदि की पुष्टि करेगी। इसके बाद अभ्यर्थी का प्रेक्टिकल और मेडिकल टेस्ट होगा।
-
टेस्टिंग सेंटर में हर रोज पांच सौ अभ्यर्थियों को होगा परीक्षण
श्रम एवं सेवायोजन विभाग तथा एनएसडीसी के जरिए व्यावसायिक शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग के समन्यव से टेस्टिंग सेंटर बनाए जाएंगे। जहां हर रोज पांच सौ अभ्यर्थियों का परीक्षण होगा। चयनित होने पर प्रीडिपार्चर ट्रेनिंग भी दी जाएगी। आवेदन करने वाले श्रमिक का कांट्रेक्ट कम से कम एक और अधिकतम पांच साल का होगा। अवकाश लेकर वतन आया जा सकेगा, लेकिन इसके लिए खर्च खुद उठाना होगा। सामाजिक सुरक्षा के तहत चिकित्सा बीमा तथा प्रवासी भारतीय बीमा योजना 2017 की सुविधाएं भी श्रमिकों को दी जाएंगी। इच्छुक श्रमिक कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, विकास भवन परिसर देवरिया में आवेदन पत्र करें जमा
प्राईवेट व्यक्ति व एजेंसी को न दें आवेदन पत्र: श्रम प्रवर्तन अधिकारी
श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह ने बताया कि इस्राइल सरकार की ओर से भारत सरकार से निर्माण श्रमिकों की आवश्यकता बताई गई है। इसके लिए इच्छुक निर्माण श्रमिक आवेदन कर सकते हैं। कहा कि किसी प्राईवेट व्यक्ति, एजेंसी को आवेदन पत्र न जमा करें। इस्राइल भेजने का आवेदन विकास भवन स्थित कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं। दिसंबर माह तक 168 लोगों आवेदन किए हैं।