संवाद न्यूज एजेंसी
लार। सीएचसी में इलाज के लिए आए रविवार की देर रात एक मरीज की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने बवाल खड़ा कर लापरवाही का आरोप लगा कार्रवाई की मांग करने लगे।
सोमवार को घटना की जांच करने पहुंचे एडिशनल सीएमओ डॉ एस के चौधरी ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक चीफ फार्मासिस्ट से पूछताछ कर जानकारी ली। इसके अलावा अलग-अलग वार्डों का दो घंटे तक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा रहा।
लार थाना क्षेत्र के कोहरा गांव निवासी दिव्यांग रामनगीना प्रसाद (68) की तबीयत रविवार की शाम खराब हो गई। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सक इलाज के साथ सीपीआर करने लगे। इस बीच मौत की जानकारी मिली। इस बात से नाराज परिजन लापरवाही का आरोप लगा हंगामा करने लगे।
कुछ ही देर में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। शव को अस्पताल गेट के सामने रख स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने को लेकर हंगामा करने लगे। यह देख इलाज के लिए आए मरीजों व तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाने में जुट गई। तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। घटना की जानकारी पर दूसरे दिन पहुंचे एसीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों से अलग-अलग जानकारी ली। इसके बाद ओपीडी में पहुंचे। जहां मरीजों की लंबी लाइन लगी थी। डाक्टर इलाज करते मिले।