एसओजी और खामपार पुलिस ने पकडा दो शातीर वाहन चोर एसपी ने किया पर्दाफाश।
- फोटो : DEORIA
वाहन चोरों का अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ा गया, दो गिरफ्तार
देवरिया। एसओजी एवं खामपार पुलिस ने वाहन चोरों के अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को शनिवार को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की दो चारपहिया एवं छह दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। वाहनों के संबंध में बिहार समेत कोतवाली क्षेत्र सहित विभिन्न थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है।
शनिवार को पुलिस लाइन में घटना का पर्दाफाश करते हुए एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र एवं एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि एसओजी प्रभारी एसओजी की टीम एवं थानाध्यक्ष खामपार वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भिंगारी बाजार में मौजूद थे। इसी बीच सूचना मिली कि लक्ष्मण चक प्राथमिक विद्यालय के पास से एक पिकअप के साथ एक कार में दो वाहन चोर मौजूद हैं। घेराबंदी कर इन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पिकअप चालक की पहचान विजय कुमार शर्मा पुत्र श्रीराम शर्मा निवासी मुजाहिदपुर थाना धनौती, सिवान (बिहार) के रुप में हुई। इस पर 19 दिसंबर को देवरिया जिले में 25 हजार का इनाम घोषित है। वहीं कार चालक की पहचान नंदलाल यादव पुत्र मगरू चौधरी निवासी परसौनी दीक्षित थाना खामपार के रुप में हुई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम ने पिकअप वाहन में लादे गए चोरी की छह बाइक बरामद की है। अभियुक्त विजय कुमार शर्मा के पास से एक देशी तमंचा व कारतूस बरामद किया गया।
खामपार थाने में दर्ज है पिकअप चोरी की रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने बरामद वाहनों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ में बताया कि पिकअप वाहन को उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ नवंबर में सिरसिया बाबू के पास से तमंचे के बल पर लूट लिया था। इस संबंध में थाना खामपार में अभियोग भी पंजीकृत है। बरामद कार को बिहार राज्य के चंपारण से चोरी किया गया था। छह बाइकों को उत्तर प्रदेश एवं बिहार के विभिन्न स्थानों से चोरी किया गया था। वाहनों को शनिवार को वह बिहार कटने एवं बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। एसपी ने बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।