विश्व योग दिवस पर कोविड-19 के प्रोटोकाल के तहत हुए योगाभ्यास कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विश्व योग दिवस पर सोमवार को जिले भर में लोगों ने योगाभ्यास किया। कहीं वर्चुअल तो कहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए समूह में एकत्र होकर योग किया। इस अवसर पर योग को नियमित रूप से जीवन में उतारने का संकल्प भी लिया गया।
डीएम आशुतोष निरंजन ने कैंप कार्यालय पर योगाभ्यास किया। जनपदवासियों को भी उन्होंने योग को जीवन में अपनाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है इसे नियमित योग करने से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है जिससे अनेकों बीमारी से बचाव होता है। वर्तमान में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी प्रतिदिन योग, व्यायाम करने से हमारे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती हैं जोकि हमें विभिन्न बीमारियों से बचाव करते हुए स्वस्थ रखती हैं।
आरोग्य भारती की ओर से सिंगही गांव में शिविर आयोजित हुआ। यहां प्रशिक्षक दीपा तिवारी, ममता तिवारी ने योग कराया। डॉ. दीपाली शर्मा व अजीत नारायण मिश्र मौजूद रहे। न्यू कालोनी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण कलिंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वकील सिंह के नेतृत्व में शिविर आयोजित हुआ। एचडीएफसी बैंक की ओर से रेलवे स्टेशन परिसर में योग शिविर का आयोजन क्लस्टर हेड कुलदीप व स्टेशन अधीक्षक आई अंसारी की देखरेख में हुआ।
49वीं उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी से संबद्ध 14 विद्यालय के कैडेटों ने ऑनलाइन योग किया। कर्नल रणधीर सिंह ने बताया कि वर्तमान में बटालियन में जिले के 12 सौ से अधिक छात्र एनसीसी कैडेट के रूप में नामांकित है। इनमें से ज्यादातर कैडेटों ने अपने परिवार के साथ योग किया। राष्ट्रीय जनकल्याणकारी परिषद की ओर से डीएलएस पब्लिक स्कूल हाटा रोड में आयोजन हुआ। प्रशिक्षिका वंदना प्रजापति व गरिमा पांडेय ने योग कराया। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिव्यांशु श्रीवास्तव, अमरेंद्र उिपस्थित रहे।
नेहरु युवा केंद्र की ओर से अरईपार (बरपार) के महादेवा धाम मंदिर परिसर में योग शिविर लगा। संघ के स्वयंसेवक शुभम त्रिपाठी के नेतृत्व में इजरही, अरईपार,चतुर्भुजपुर और छेरिहा ग्रामसभा के युवा मंडलों लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। पूर्व प्रवक्ता जितेंद्र प्रसाद तिवारी भी मौजूद रहे।
भाटपाररानी प्रतिनिधि के अनुसार, निर्मल मैरिज हाल में भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित किया। गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री हरिचरण कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे ने कहा कि योग विश्व को भारत की ओर से प्रदान की गई अनुपम भेंट है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे ने कहा कि योग समग्र जीवन पद्धति है। योग शिक्षक दीपक कुमार के साथ ही जयनाथ कुशवाहा, अश्वनी कुमार सिंह, डॉ. शम्स परवेज आदि उपस्थित रहे।
बनकटा विकास खंड के बतरौली ग्रामसभा में आयोजित शिविर में योग प्रशिक्षिका प्रिया, मनुभाई गांधी ने योग कराया। उमेश गुप्ता, ग्राम प्रधान वासुदेव कुशवाहा, उज्जवल फाउंडेशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश मौजूद रहे।
शहर के न्यू कालोनी स्थित जवाहर फिजियोथिरैपी एवं दिव्यांग पुनर्वास रिसर्च सेंटर पर भी सोमवार को योगाभ्यास किया गया। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रितेश सिंह ने योगाभ्यास कराया। इस दौरान प्रणव शुक्ल, केबी शुक्ल, गुरू, अमित, डॉ. विकास, डॉ. केडी मिश्र, अमर सिंह, ओंकारेश्वर त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।