गोरखपुर-मंडुआडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को लेकर रविवार को सर्वदलीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। ट्रेन के ठहराव का आदेश जारी करने की मांग पर अड़े छात्रों ने क्रमिक अनशन का ऐलान करते हुए शाम तक धरने पर बैठे रहे। इसको लेकर रेल अफसरों से नोकझोंक हुई।
सुबह युवा नेता सुनील बर्नवाल और छात्रनेता सददाम अंसारी के नेतृत्व में लोगों ने नगर में जुलूस निकाला और नारेबाजी। यह जुलूस स्टेशन परिसर में पहुंचकर धरना सभा में बदल गया। लोगों ने कहा कि चार सितंबर को मांगों को लेकर धरना दिया गया, लेकिन रेलवे अफसरों ने अभी तक कुछ नहीं किया। दो साल पूर्व गोरखपुर-मंडुआडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव रद कर दिया गया। जिससे वाराणसी एवं अन्य शहरों को जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंडल वाणिज्य निरीक्षक गोरखपुर राजाराम और यातायात निरीक्षक अजीत कुुमार के समझाने बुझाने पर लोगों ने मांगपत्र दे दिया, लेकिन ट्रेन के तत्काल ठहराव की मांग पर छात्र अड़ गए। कई छात्र क्रमिक अनशन पर बैठ गए। आंदोलन में राजेश यादव, सूरज रावत, आकाश साहनी, बादल सिंह, संदीप तिवारी, हैदर अली, सत्यप्रकाश, सतीश वर्मा आदि शामिल रहे।