भाटपाररानी/देवरिया। जिले की पांचों तहसीलों में बकरीद की छुट्टी के कारण शनिवार को आयोजित होने वाला संपूर्ण समाधान दिवस सोमवार को आयोजित किया गया।
डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में भाटपार रानी तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस में नामांतरण की पत्रावली पांच साल से गायब होने की फरियाद की गई।
अजय बनाम राम प्रकाश वाद संख्या 1420 दफा 34 एलआर एक्ट की 2019 से पत्रावली ही तहसील से गायब है। पीड़ित अजय प्रताप निवासी ग्राम मल्हनी फरियाद लेकर पहुंचा तो डीएम अचंभित रह गईं। उन्होंने एसडीएम को तत्कालीन संबंधित अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने के एसडीएम को निर्देश दिए। इसके बिना अजय प्रताप का अब तक मालिकान रजिस्टर में नामांतरण नहीं हो सका है।
रुद्रपुर संवाद के अनुसार, तहसील सभागार में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 48 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। इसमें सबसे अधिक राजस्व के मामले रहे, जिसमें राजस्व के सिर्फ पांच मामले का तत्काल निस्तारण हो पाया। इसमें 45 मामले लंबित हैं। बरहज संवाद के अनुसार तहसील सभागार में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस में सीआरओ जेआर चौधरी ने फरियाद सुनी। फरियाद लेकर आए दोहनी निवासी भागवत ने कहा कि विपक्षियों को प्रशासन का डर नहीं है। वह न्यायालय में विचाराधीन जमीन पर जबरिया कब्जा कर रहे हैं। देईडीहा के उमाशंकर नाली विवाद, तालडीहा के मिंटू पांडेय ने ट्रांसफाॅर्मर को बदलवाने, आजाद नगर उत्तरी के कन्हैया अतिक्रमण खाली कराने, बंगरौली के प्रदीप जमीन संबंधित शिकायत की। इस दाैरान राजस्व के 15, पुलिस के 12 मामले आए।