संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को पथरदेवा ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने बिना सूचना के 17 जुलाई से लगातार अनुपस्थित पाए जाने पर सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा अमित कुमार के निलंबन की कार्रवाई के लिए जिला कृषि रक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। ब्लॉक कार्यालय पर अचानक पहुंचे कृषि मंत्री को देख संबंधित अधिकारी और कर्मचारी हक्का-बक्का हो गए।
कृषि मंत्री शनिवार को अचानक पथरदेवा विकास खंड कार्यालय पर पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी दीपक कुमार अवकाश पर बताए गए, जबकि जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अनिल कुमार और उपायुक्त श्रम रोजगार आलोक पांडेय मौजूद मिले। कार्यालय की उपस्थिति पंजिका में सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा अमित कुमार 17 जुलाई से लगातार गैरहाजिर थे।
पूछने पर स्थापना लिपिक ने बताया कि वे योगदान के बाद से ही बिना किसी सूचना के अनुपस्थित हैं। इस पर कृषिमंत्री नाराज हो गए। उन्होंने जिला कृषि रक्षा अधिकारी को उनके खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। झल्लाते हुए कृषिमंत्री ने कहा कि सरकारी व्यवस्था में मनमानापन और लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रवि प्रकाश सिंह, लेखाकार जितेंद्र कुमार, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता धनंजय प्रसाद सिंह, स्थापना लिपिक रविंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।