रुद्रपुर। नगर के भभौली चौराहे से सवारी लेकर जा रहे एक ई रिक्शा को पीछे से चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दिया। हादसे में रिक्शा में सवार पांच लोग घायल हो गए। जिसमें एक युवक की हालत गंभीर बनी है। उसका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसा रविवार को रुद्रपुर-मदनपुर मार्ग पर कोरवा गांव के पास हुआ। दोपहर करीब 12 बजे भभौली चौराहे से एक ई रिक्शा में सवार होकर कुछ लोग मदनपुर की तरफ जा रहे थे। गाड़ी कोरवा गांव के निकट पहुंची थी, इसी बीच पीछे से जा रही इनोवा ने टक्कर मार दिया, जिससे ई रिक्शा सड़क पर पलट गया। उसमें सवार लाली पुत्री लालबहाुदर निवासी बिकवा, सरिता पत्नी दिनेश निवासी तिवई, सत्यम पुत्र दिनेश, सुनीता निवासी गनियारी और रोहित निवासी भभौली घायल हो गए। गांव के लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिसमें रोहित के कमर और पैर में गंभीर चोट लगी है, उसे डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।