सड़क दुर्घटनाओं में घायल भलुअनी और खखड़ी के दो युवकों की मौत
भलुअनी/मगहरा। क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में भलुअनी निवासी अनेय सिंह (23) और मगहरा क्षेत्र के खखड़ी गांव निवासी रोहित यादव (22) घायल हो गए थे। जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों का शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया।
भलुअनी निवासी अनेय सिंह बीते 25 फरवरी को तरकुलहा पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल लेने गया था। बताया जा रहा है कि वह वापस घर आ रहा था। इसी बीच गांधी चौक पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया था। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। जिसका गोरखपुर मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर मां नीलम दहाड़े मारने लगीं। जबकि खुखुंदू थाना क्षेत्र के खखड़ी गांव निवासी रोहित सोमवार की देर रात बाइक से घर वापस आ रहा था। जो मगहरा चौराहे पर मार्ग दुर्घटना में घायल हो गया था। जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जवान बेटे का शव देख पिता अमरेश और मां का रो-रो कर बुरा हाल था। घटनाओं से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।