हादसे में घायल टैक्सी चालक की अस्पताल में मौत
बरहज। क्षेत्र के बजरभाटी गांव के निकट शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की ठोकर से परसियां चौबे गांव निवासी और टैक्सी चालक सत्यनारायन यादव (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि वह पैदल रिश्तेदारी में बजरभाटी गांव जा रहे थे।
टैक्सी चालक सत्यनारायण अपनी गाड़ी लेकर रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बजरभाटी निवासी दयाशंकर यादव की पुत्री का शनिवार को तिलक जाना था। उसमें शामिल होने के लिए सत्यनारायण निकले थे। भलुअनी में उनकी गाड़ी खराब हो गई। उसे एक परिचित के घर खड़ा कर पैदल ही निकल लिए। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में काल उनका इंतजार कर रहा है। वह कुछ दूर पहुंचे थे। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर पत्नी मनभावती पछाड़ खाकर गिर पड़ीं। पुत्र विनोद, बबलू, पिंटू, राकेश, पुत्री अनुराधा, सोनम यादव का रो-रो कर बुरा हाल है।