जागृति की सह-मेजबानी में अविष्कार फाउंडेशन की ओर से बरपार केंद्र पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
सूर्या मिश्रा को चार लाख व कल्याणी कृति सिंह को मिला तीन लाख का प्रोत्साहन पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जागृति की सह-मेजबानी में अविष्कार फाउंडेशन की ओर से उद्यम केंद्र बरपार में युवा उद्यमिता मेंटरशिप कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। जागृति के सात उद्यमियों को अविष्कार फाउंडेशन ने अवाॅर्ड और चेक के माध्यम से धनराशि देकर प्रोत्साहित किया।
दो दिवसीय कार्यक्रम में जागृति के 10 उद्यमी शामिल हुए। उद्यमिता विचार के बेहतर प्रस्तुतिकरण पर कुशीनगर के सेनिटरी पैड पर काम करने वाले सूर्या मिश्रा को चार लाख रुपये का चेक व स्वाति राय अवाॅर्ड, टेराकोटा पर काम करने वाली गोरखपुर की कल्याणी कृति सिंह को तीन लाख का चेक व मदन मोहन मालवीय अवाॅर्ड, कुशीनगर की केला से निर्मित उत्पाद बनाने वाली अनिता राय को दो लाख का चेक देकर सम्मानित किया गया। वहीं, रमेश चंद्र पांडेय, वंदना, दीपिका, अभिषेक कुशवाहा को एक-एक लाख रुपये का चेक प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया गया। उद्यमियों ने इस कामयाबी का श्रेय जागृति की टीम को दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में 10 स्कूलों व कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं ने व्यवसाय और उद्यम पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसमें तीन स्कूलों व दो कॉलेजों की टीमों को 75 हजार रुपये का चेक, लैपटॉप व अवाॅर्ड देकर प्रोत्साहित किया गया।
अविष्कार फाउंडेशन के संस्थापक विनीत राय ने कहा कि उद्यम आगे बढ़ने का सबसे सही तरीका है। इसमें पैसा और नाम दोनों कमाने का मौका मिलता है।
निर्णायक की भूमिका में विनीत राय, जागृति के सीओओ अनुराग दीक्षित, विश्वास पांडेय, रमेश मंगलेश्वरम, नीरजा शर्मा, अरुण डियाज़ रहे।