खुखुंदू थाना क्षेत्र के सिसई, मुजुरी खुर्द और सझवलिया गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सिसई, मुजुरी खुर्द और सझवलिया में हिस्सा और भूमि विवाद में हुई मारपीट में दो छात्रों समेत 12 लोग घायल हो गए। पुलिस जांच कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी सगे भाई जितेन्द्र कुशवाहा और अरविंद कुशवाहा के बीच लंबे समय से हिस्सा को लेकर विवाद चल रहा है। जितेन्द्र कुशवाहा का आरोप है कि छोटे भाई अरविंद के साथ पिता रहते हैं। उनकी पेंशन वही लेते हैं। इसके बाद भी पिता को भ्रमित कर उनसे हम दो भाइयों के हिस्से की भूमि बेचवा रहे हैं। इसका विरोध करने पर 12वीं कक्षा में पढ़ रहे हमारे बेटे शिवम को अरविंद कमरे में बंद कर मारने-पीटने लगे। उनकी पत्नी बेटे के हाथ में दांतों से काट ली है। जब बीच-बचाव करने मैं, पत्नी अंजू देवी, दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा दूसरे नंबर का बेटा संगम पहुंचे तो हमलोगों को भी मारा-पीटा गया। अरविंद का आरोप है कि बड़े भाई जितेन्द्र के परिवार ने मुझे और पत्नी सरिता देवी को मारपीट कर घायल कर दिए।
उधर, दूसरी घटना मुजुरी खुर्द गांव की है। बेवा कुंती देवी को पटीदार हिस्सा नहीं दे रहे हैं। वह झोपड़ी डाल कर रहती है। उसे भी उजाड़कर वहां टिन शेड डालने की फिराक में हैं। महिला का आरोप है कि झोपड़ी में रखा सारा समान बाहर फेंक दिया गया है।
तीसरी मारपीट की घटना सझवलिया गांव की है। यहां भी भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने अमरावती देवी और मीना देवी तथा दूसरे पक्ष से पूनम देवी, लिलावती और अंशिका कुमारी को मारपीट कर घायल कर दिया। पांच दिन पहले भी भूमि विवाद को लेकर ही दोनों पक्ष आपस में भिड़े थे।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मारपीट हुई है तो पीड़ित थाने में जाकर प्रार्थना पत्र दें। कार्रवाई होगी।
इनसेट....
गल्ला व्यवसायी ने पीटने का लगाया आरोप
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के नूनखार गांव में गल्ला खरीदने गए एक व्यवसायी को कुछ लोगों ने घेरकर मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के मंगराईच गांव निवासी प्रियव्रत तिवारी घूम-घूमकर गेहूं और धान की खरीदारी करते हैं। आरोप है कि शुक्रवार को वह क्षेत्र के नूनखार गांव में गेहूं की खरीदारी करने जा रहे थे। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने किसी बात को लेकर उन्हें रोक लिया और जमकर पिटाई कर दी। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। गल्ला व्यवसायी से मारपीट हुई है। जांच कर केस दर्ज किया जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने अनभिज्ञता जताई। संवाद