फेसबुक से जुड़े मन, इंडोनेशिया से नरायनपुर आई दुल्हन
नरायनपुर के सनवर ने इंडोनेशिया की जन्नाह से किया निकाह, दावत-ए-वलीमा में विदेशी दुल्हन देखने उमड़े लोग
जन्नाह इंडोनेशिया में शिक्षक हैं और सनवर फार्मासिस्ट
2014 में फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, आठ साल बाद शादी
रुद्रपुर। चाह की राह कोई बाधा नहीं रोक सकती। 2014 में फेसबुक पर इंडोनेशिया की बाला का दिल नरायनपुर के छोरे पर आ गया। फेसबुक से बढ़ी पहचान से दोनों आठ साल बाद दो जिस्म एक जान हो गए। शादी इंडोनेशिया में हुई। शुक्रवार की रात नरायनपुर में आयोजित दावत-ए-वलीमा में क्षेत्र के लोग विदेशी दुल्हन देखने के लिए उमड़ पड़े।
नरायनपुर के सनवर की 2014 में इंडोनेशिया की बाला मिफ्ताहुल जन्नाह से फेसबुक पर दोस्ती हुई। यह पहचान दो साल में प्रेम में बदल गई। प्यार परवान चढ़ा तो सनवर इंडोनेशिया पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। फिर दोनों ने शादी कर जिंदगी साथ बिताने का निर्णय ले लिया। 28 अक्तूबर को इंडोनेशिया में शादी हुई। शादी के बाद यह जोड़ा भारत लौट आया है।
सनवर बताते हैं कि 2018 में वह जन्नाह से मिलने के लिए इंडोनेशिया पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद दोनों के परिवारवालों की रजामंदी से हम दोनों ने शादी कर साथ रहने का फैसला लिया। बताया कि इंडोनेशिया की शादी का रीति-रिवाज भारतीय संस्कार से मिलता-जुलता है। हैदर अली के बेटे सनवर ने बताया कि मिफ्ताहुल जन्नाह पेशे से शिक्षक हैं। जन्नाह को यहां की आबोहवा काफी पसंद आ रही है। वह उनके परिवार में काफी खुश है। उनका कहना है कि उनके माता-पिता और परिवार वालों को भी जन्नाह पसंद आई। हम लोग मिलकर भारतीय परंपरा अतिथि देवो भव की तर्ज पर उसे हमेशा खुश रखने की कोशिश करेंगे।
जन्नाह ने बताया कि वह इंडोनेशिया के मेदानमरेलान की रहने वाली है। पिता स्वर्गीय अहमद जूहरी और माता शितिहातिमा हैं। दो बहनें एकाट्री और नूरुलहिकात हैं। वे दोनों भी शिक्षक हैं। वह सनवर से शादी कर काफी खुश हैं और भारतीय परंपरा भी अच्छी लग रही है।