रुद्रपुर सीएचसी में मरीजों की जांच में लगे चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। बदलते मौसम में वायरल फीवर से पीड़ितों मरीजों की संख्या क्षेत्र में लगातार बढ़ती जा रही है। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने के लिए मरीजों का तांता लग रहा है। ओपीडी में बुखार, खांसी और जुकाम के हर रोज करीब 600 तक मरीज देखे जा रहे है। प्राइवेट अस्पतालों पर भी बुखार पीड़ितों की भीड़ लग रही है।
बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर चिकित्सक के चेंबर में मरीजों की भीड़ लगी थी। सीएचसी के बरामदे और गलियारे में डॉक्टर को दिखाने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। चेंबर में मरीजों की तादाद बढ़ रही है। कभी भीषण गर्मी तो कभी हल्की बूंदाबांदी के बाद उमस से लोग वायरल फीवर का शिकार हो रहे है। लोगों को चक्कर आने लग रहा है। बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक बुखार की चपेट में आ जा रहे है। सीएचसी पर हर रोज करीब 300 तक मरीज देखे जाते थे। इधर एक सप्ताह से अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
नई, पुरानी पर्ची मिलाकर 600 तक मरीज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने को जा रहे है। जिनमें अधिकांश बुखार, खांसी से पीड़ित मिल रहे हैं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आरपी यादव ने कहा कि अस्पताल पर वायरल फीवर के मरीज बढ़ रहे हैं। एहतियात के तौर पर लोगों को बचाव के उपाय भी सुझाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि खुले मैदान में सोने, बारिश में भीगने और धूप में घूमने से वायरल फीवर होने की संभावना रहती है। बुखार हो जाने पर मरीज को आराम की जरूरत होती है। बुखार होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह से दवा लेना चाहिए।