सिंचाई विभाग को एक सप्ताह में कार्य पूरा करने का निर्देश
लापरवाह अधिकारियों की भेजी जाएगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। गोर्रा और राप्ती के तटबंधों पर निरोधात्मक कार्यों का बुधवार को एसडीएम विपिन द्विवेदी ने जायजा लिया। बंधों पर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति को देख उपजिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाह अधिकारियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने को कहा।
एसडीएम ने पिड़रा करनपुर बांध पर जियो टैग कार्य का निरीक्षण किया। यहां करीब तीस मीटर बंधे पर कार्य अधूरा पड़ा है। कार्य बंद होने पर गांव वालों ने एसडीएम से शिकायत की। पचलड़ी में बोल्डर पिचिंग का कार्य पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्य के गुणवत्ता की जांच कराने को कहा। पांडेय माझा जोगिया तटबंध पर मिट्टी का काम पूरा नहीं था। बंधे पर जगह-जगह रेनकट्स बने थे। गायघाट गांव के निकट जियो मैट्रस कार्य चल रहा था। एसडीएम ने निर्धारित समय में कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बंधों पर निरोधात्मक कार्यों का निरीक्षण किया जा रहा है। राप्ती नदी के तट पर भेड़ी गांव के निकट कटान स्थल पर जियो वैग बोल्डर पिचिंग का आगणन तैयार करने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिया गया है। इस दौरान नायब तहसीलदार कर्ण सिंह और अनिल तिवारी आदि मौजूद थे।