-पांच दिन पूर्व अश्लील हरकत करने से मना करने पर गोलबंद होकर की थी पिटाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। पांच दिन पूर्व घर में घुसकर युवती के साथ अश्लील हरकत कर रहे एक युवक को युवती के परिजनों के विरोध करने पर युवक व तीन अन्य लोगों की लाठी-डंडे से पिटाई करने के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को बुधवार को सुतावर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
लार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि गांव का ही रहने वाला एक युवक घर में घुस उसकी बेटी से अश्लील हरकत करने लगा। बेटी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर जुट गए और विरोध करने लगे। इससे नाराज होकर युवक अन्य तीन लोगों के साथ गोलबंद होकर पहुंचा और लाठी-डंडे से पिटाई कर दी, जिससे महिला, उसके पति व बच्चियां घायल हो गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गांव के चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही थी। इसी बीच बुधवार की सुबह मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि चार संदिग्ध युवक बिहार भागने की फिराक में सुतावर तिराहा पर खड़े हैं। इसके बाद सक्रिय हुए मेहरौना चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह सुरक्षा कर्मियों के साथ पहुंच गए। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास मामले में चारों पर केस दर्ज किया गया है। वह फरार चल रहे थे। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
....
महिला का वीडियो बनाने का आरोप
सलेमपुर। लार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पड़ोस के एक किशोर पर जंगले से छिपकर वीडियो बनाने का आरोप लगाया है और पुलिस से शिकायत की है। पुलिस आरोपी किशोर से पूछताछ कर छोड़ दिया।
...
मंदिर पूजा करने गई युवती नहीं लौटी घर
सलेमपुर। लार नगर की एक युवती तीन दिन पूर्व मंदिर पूजा करने की बात कह घर से निकली। इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है।