फोटो समाचार...
- खुखुंदू थाना क्षेत्र के नरंगा गांव के पास हुआ हादसा, मौके पर पहुंची ने घायलों को एंबुलेंस से भिजवाया अस्पताल
- घटना के बाद मृतकों के परिवार में मच गई चीख-पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुसैला-मईल मार्ग पर नरंगा गांव के पास फलदान लेकर जा रहा एक टेंपो शुक्रवार को दिन में डेढ़ बजे अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार चालक समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया गया। जहां दो को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही फलदान में पहुंचे अन्य लोग भी देवरिया अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद मृतकों के परिवार में चीख-पुकार मच गई।
लार थाना क्षेत्र के रेवली गांव निवासी रामबहादुर प्रसाद की बेटी का शुक्रवार को फलदान था। गांव के एक टेंपो में चालक समेत नौ लोग सवार होकर शुक्रवार दोपहर बाद खुखुंदू थाना क्षेत्र के मरहवां गांव के लिए चले। बताया जा रहा है कि टेंपो लेकर अभी चालक थाना क्षेत्र के मुसैला-मईल मार्ग पर नरंगा गांव के पास ही पहुंचा था कि खतरनाक मोड़ होने से टेंपो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए सड़क किनारे खाई में जा पलटा। इससे उसपर सवार भाटपार रानी निवासी जिउत प्रसाद, लार थाना क्षेत्र के रेवली गांव निवासी चालक सिंटू, लालबहादुर प्रसाद, रामाश्रय प्रसाद, राजू प्रसाद, ढेबर प्रसाद, बृजेश प्रसाद, मुकेश कुमार और रूदल मिस्त्री घायल हो गए। आसपास के लोगों और पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया गया। जहां जीउत प्रसाद और लालबहादुर प्रसाद को डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य का मेडिकल काॅलेज में इलाज चल रहा है। राजू, ढेबर और बृजेश की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवार में चीख-पुकार मच गई है।
उधर, घटना के बाद फलदान का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। सभी लोग चोटिलों के इलाज और पोस्टमार्टम कराने में जुट गए। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस पहुंची थी। दो लोगों की मौत हुई है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। वीआईपी ड्यूटी में हूं।