रुद्रपुर। लक्ष्मीपुर स्थित एक मैरिज लाॅन में विधायक जयप्रकाश निषाद ने बृहस्पतिवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया। यहां क्षेत्र के लोगों ने रंग अबीर और फूलों की होली खेली। चार घंटे तक लोकरंग बरसता रहा। बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, रुद्रपुर के विधायक जयप्रकाश, बरहज के दीपक मिश्र और देवरिया के शलभमणि ने साथ मिलकर फाग का राग छेड़ सबको मंत्र मुग्ध कर दिया। बरहज के विधायक ने होली खेले मशाने में दिगम्बर..., गाकर खूब वाहवाही लूटी। अवध में होली खेले रघुबीरा, की स्वरलहरियों में लोग झूमते रहे। यहां अमित रजक, सनद पांडेय आदि लोक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक होली गीत प्रस्तुत किया। विधायक ने लोकोत्सव में प्रतिभाग किए फरुवाही नृत्य सहित सभी कलाकारों को पुरस्कृत किए। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विश्वविजय निषाद ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया।