चनुकी । टीईटी अनिवार्यता के विरोध में संयुक्त मोर्चा (टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया) के आह्वान पर रविवार को लार ब्लॉक के शिक्षकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दोपहर 2 से 4 बजे तक व्यापक ट्विटर अभियान चलाया। शिक्षकों द्वारा चलाया गया हैशटैग अभियान दिनभर ट्रेंड करता रहा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. गोविंद मिश्रा ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे पर शिक्षक एकजुट हैं और अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार चलाया गया, जिसका उद्देश्य सरकार तक शिक्षकों की आवाज पहुंचाना है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष चंद्रभूषण तिवारी ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर जबरन टीईटी अनिवार्यता थोपना न्यायसंगत नहीं है। शिक्षक अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार आगामी 23 से 25 फरवरी तक सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे। वहीं 26 फरवरी को जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। मंत्री ओमप्रकाश यादव व राजकपूर ने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष शिक्षकों के हित और भविष्य से जुड़ा हुआ है।