स्थानीय चौराहे पर रुपयों के लेन देन को लेकर सराफा व्यापारी ने ग्राहक पर तेजाब फेंक दिया, जिससे ग्राहक सहित आधा दर्जन लोग झुलस गए। तीन लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर में उपचार के लिए ले जाया गया। इलाज के दौरान स्थिति गंभीर होने पर तीनों मरीजों को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
पनिका बाजार गांव निवासी अरविंद वर्मा व उसके भाई कमलेश शर्मा का मईल चौराहे पर श्वेता ज्वेलर्स की आभूषण की दुकान है। पनिका बाजार गांव के ही चन्दन राजभर व उसकी बहन संध्या देवी आभूषण की दुकान पर आए थे। इसी बीच अचानक रुपयों के लेन-देन के चक्कर में दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच कर दोनों को दुकान के बाहर समझाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान सराफा व्यापारी ने दुकान के अंगर से तेजाब लाकर अचानक अपने ग्राहक चन्दन के मुंह पर फेंक दिया, जिससे चन्दन बूरी तरह झुलस गया।
वहीं, मौके पर खड़ा होकर दोनों को समझा रहे लोगों में उसकी बहन संध्या, एकौना गांव निवासी सुधांशु शुक्ला,मईल गांव निवासी अंजनी चौधरी,बगहा गांव निवासी मैना देवी,गोड़वली निवासी बिपीन सिंह,रमेश पाल,नरियांव निवासी राधव वर्मा भी झुलस गए। घटना के बाद भारी भीड़ जुट गई।
सुचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने तत्काल अपने गाड़ी से चन्दन राजभर, संध्या व सुधांशु शुक्ला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर इलाज के लिए ले गए जहां प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने सराफा व्यापारी को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि तेजाब से झुलसे लोगों का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।