ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर सवार युवक की मौत, दो घायल
ससुराल में आया था युवक, एक की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
भलुअनी के तेनुआ मोड़ पर हुआ हादसा, घर में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। भलुअनी थाना क्षेत्र के तेनुआ चौबे गांव के पास सोमवार को ट्रैक्टर और ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण एक युवक को डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भलुअनी थाना क्षेत्र के रोहुआर धीर्जन गांव निवासी सचिन (19), शक्ति (21) और गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव निवासी जितेंद्र (30) सोमवार की शाम ट्रैक्टर से टेकुआ चौराहा पर जा रहे थे। तेनुआ चौबे गांव के समीप अभी पहुंचे थे कि तेज गति से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, ट्रैक्टर सड़क के किनारे गड्ढे में चला गया और इस पर सवार सचिन और ट्रैक्टर चला रहे शक्ति घायल हो गए, जबकि जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई। जितेंद्र की ससुराल रोहुआर धीर्जन गांव में है। लाकडाउन होने के बावजूद वह ससुराल चला आया था। हादसे के बाद पहुंचे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जितेंद्र की मौत से घर में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक पुलिस हिरासत में है। सचिन के सिर में चोट होने के कारण डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एंबुलेंस आने में देरी होने पर इसके साथ मौजूद लोगों ने इमरजेंसी में हंगामा किया। इस बाबत राजेश सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।