संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/बरियारपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार टोला में मंगलवार को परमहंस की पिटाई से संदिग्ध हालात में मौत के मामले में नामजद चारों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस एक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव के बेटे, भाई समेत चार लोगों पर केस दर्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारों में खूब हलचल मची है। पीड़ित परिवार वालों का आरोप है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार निवासी परमहंस को मंगलवार को कुछ लोग घर से उठा ले गए थे। पिटाई करने के बाद देर रात दरवाजे के पास फेंक कर भाग गए थे। इससे परमहंस की मौत हो गई थी।
परमहंस के बेटे सोनू कुमार ने गांव निवासी सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव के बेटे सचिन, सपा जिलाध्यक्ष के भाई कुंजबिहारी, परसन यादव व उनके भतीजे अमरेंद्र हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने चारों पर केस दर्ज कर लिया है।
वारदात को घटित हुए पांच दिन हो गए, मगर पुलिस एक भी आरोपी को पकड़ने कामयाब नहीं हो सकी है। कोतवाल दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
परमहंस के परिवार वालों की सुरक्षा के लिए से दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।