देसही देवरिया। बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की चलते दो माह से ब्लॉक में कामकाज प्रभावित हो रहा है। इन्वर्टर भी खराब हो गया है। बिजली नहीं रहने पर अधिकारी और कर्मचारी बाहर छांव में चहल कदमी करने को विवश हैं।
हालांकि, कार्यालय की छत पर नया सोलर लगा हुआ है। दो माह से अधिक का समय बीत गया, सिस्टम से कनेक्शन नहीं हो पाया। इससे सरकारी कार्यों को समय से निपटाना मुश्किल हो गया है। तेज धूप में अपने कार्यों को लेकर आ रहे लोगों को लौटना पड़ रह है।
स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय की बिजली आपूर्ति पास के इमिलिया उपकेंद्र के देसही फीडर से होती है। बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, कोई ठिकाना नहीं है। करीब दो माह से बेतहाशा बिजली कटौती और लो-वोल्टेज का सामना कर रहे ब्लॉक कार्यालय के कर्मचारी सरकारी आदेशों व निर्देशों के अनुरूप कार्य ठीक ढंग से नहीं हो पा रहे।
ग्राम पंचायतों से जुड़े कार्य भी समय रहते निपटाए जाने में दिक्कतें हो रही हैं। चिलचिलाती धूप और गर्मी में अपने कार्यों को लेकर मुख्यालय आने वाले गांवों के लोगों का भी काम समय रहते नहीं हो पा रहा है।
जी रामजी सेल सहित कार्यालय का इन्वर्टर खराब हो गया है। बिजली आने पर भी वोल्टेज इतना कम रह रहा है कि कंप्यूटर चालू नहीं हो पा रहे हैं। अधिकारी और कर्मचारी गर्मी से व्याकुल होकर कार्यालय से निकलकर पेड़ों की छांव में चहलकदमी करने को विवश हैं।