खुखुंदू क्षेत्र के सठियांव के ईंट भट्ठों पर मंगलवार शाम को पुलिस ने की छापेमारी
बड़े पैमाने पर लहन और उपकरण पुलिस ने किया नष्ट
खुखुंदू। एक बार फिर क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर अवैध कच्ची शराब का धंधा जोरों पर फल फूल रहा है। इसका खुलासा पुलिस की छापेमारी से हुआ है। मंगलवार की शाम को खुखुंदू पुलिस ने क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर छापेमारी की। इसमें बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची शराब का लहन और उपकरण पुलिस ने मौके पर ही नष्ट किया। हालांकि धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम को पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र के सठियांव गांव स्थित कुछ ईंट भट्ठों पर छापेमारी की गई। भट्ठों की तरफ जैसे ही पुलिस की गाड़ी पहुंची भगदड़ मच गई। एक ईंट भट्ठे पर तकरीबन 500 लीटर लहन और बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने का उपकरण मिला। जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि जिन ईंट भट्ठों पर अवैध कच्ची शराब निर्माण के उपकरण मिले हैं उन भट्ठा मालिकों को नोटिस भेजकर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।