बीआरडीपीजी कॉलेज में आयोजित गोष्ठी को मुख्य अतिथि प्रो. अवध नारायण त्रिपाठी ने संबोधित किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। बीआरडीपीजी कॉलेज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से ‘दूरस्थ शिक्षा की चुनौतियां एवं संभावनाएं’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक वाराणसी प्रोफेसर अवध नारायण तिवारी ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा में जो भी चुनौतियां हैं, उसका समाधान ठीक ढंग से किया जाए। समय का सदुपयोग करते हुए कॉलेज की डिग्री के साथ ही इग्नू से भी अध्ययन कर सकते हैं। इसकी कक्षाएं रविवार को आयोजित की जाती हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. श्रवण पांडेय ने कहा कि इस विश्वविद्यालय में 30 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय नहीं अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय है। महाविद्यालय के इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. हरिशंकर गोविंद राव ने कहा कि स्नातक स्तर पर इस विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्र-छात्राओं का प्रवेश नि:शुल्क हो रहा है।
निवेदिता, नम्रता और निकिता ने स्वागत गीत प्रस्तुुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अवधेश सिंह और संचालन डॉ. भावना सिन्हा ने की। इस अवसर पर डॉ. महेश्वर सिंह, डॉ. सतीश चंद्र गौंड, डॉ. कमलापति प्रजापति, डॉ. रजनीश, डॉ. अमरनाथ, डॉ. सुभाष, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. एमवी शाही समेत तमाम लोग मौजूद रहे।