बिना हेलमेट पहने ही बाईक पर लेकर चल पड़े।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। यातायात नियमों की अनदेखी करना परिवारवालों पर भारी पड़ रहा है। देहात इलाके की बात कौन करे, शहर के मुख्य मार्गों पर ही लोगों को यातायात के नियमों का उलंघन करते देखा जा सकता है। जिम्मेदार लोग भी गलती कर रहे हैं। यहां के पूर्व एसपी राजीव मल्होत्रा ने नो हेलमेट नो पेट्रोल की शुरुआत की थी। इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा था। शहर से लेकर देहात तक के पेट्रोल पंप पर लोग पेट्रोल भरवाने के लिए हेलमेट का प्रयोग करते थे। एसपी ने पेट्रोल पंप मालिकों को भी यह चेतावनी दी थी कि बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल दे दिया तो खैर नहीं।
उनके स्थानांतरण के बाद धीरे-धीरे यह प्रतिबंध शिथिल हुआ और अंतत: रह ही नहीं गया। फिर पूर्व की तरह बिना हेलमेट के पेट्रोल मिलने लगा। लोगों का कहना है कि कम से कम पेट्रोल लेने की मजबूरी में ही सही, लोग हेलमेट लगाने की आदत डालने लगे थे। अब यह मजबूरी खत्म हुई तो वे लोग भी लापरवाह हो गए जो पहले हेलमेट लगाने भी लगे थे।